गरीब के नसीब में मौत भी दर्दनाक लिखी है। यूपी में शनिवार तड़के 3:30 बजे हाईवे पर एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को मारी टक्कर। 24 मजदूरों की मौत ।

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार तड़के 3:30 बजे हाईवे पर एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। इसमें 24 मजदूरों की मौत हो गई।
कानपुर रेंज के आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया है कि 35 लोग जख्मी हुए हैं। इनमें से 20 को जिला अस्पताल, जबकि गंभीर रूप से जख्मी 15 लोगों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा के नजदीक एक सड़क हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई। एएसपी प्रवीण भूरिया ने बताया कि जिस ट्रक में मजदूर सवार थे। वह पलट गया। ये लोग महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश जा रहे थे। इन दो हादसों के साथ पिछले आठ दिन में देश में अलग-अलग एक्सीडेंट में 61 मजदूरों की जान गई। इससे पहले औरंगाबाद में 16, मध्यप्रदेश के गुना में 8, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 6, बिहार के समस्तीपुर में 2 लोगों की मौत हुई थी।
हादसा औरैया के पास चिरूहली क्षेत्र में एक ढाबे के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों ट्रक में मजदूर सवार थे। दिल्ली से आया ट्रक ढाबे के पास रुका था। कुछ लोग चाय पी रहे थे। तभी राजस्थान से आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। इसमें चूना भरा हुआ था और 30 मजदूर सवार थे। जो लोग चाय पीने ट्रक से उतरे थे उनकी जान बच गई। चश्मदीदों ने बताया कि हादसा राजस्थान से आ रहे ट्रक ड्राइवर की झपकी लगने से हुआ। टक्कर के बाद दोनों ट्रक पलट गए। चूने की बोरियों में मजदूर दब गए।

मारे गए लोगों में सबसे ज्यादा झारखंड से
प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त कर सूची जारी की है। अब तक 15 मृतकों की पहचान हो पाई है। इनमें सबसे ज्यादा झारखंड से हैं। इनकी संख्या सात है। वहीं, पश्चिम बंगाल के रहने वाले 4 लोग हैं। इसके अलावा, बिहार और उत्तर प्रदेश से दो-दो मृतक हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य अज्ञात लोगों की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं।



चूना से लदा ट्रक राजस्थान से पश्चिम बंगाल के लिए निकला था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और सपा नेता अखिलेश यादव ने भी इस हादसे पर दुख जताया।


- Default Comments (0)
- Facebook Comments