केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया सूरजकुंड मेले का भ्रमण,थीम स्टेट उड़ीसा के पैवेलियन का किया दौरा, हरियाणा पैवेलियन में दोनों ने बंधवाई हरियाणवी पगड़ी

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया सूरजकुंड मेले का भ्रमण
कला एवं संस्कृति का अतुल्य संगम है सूरजकुंड मेला – गजेंद्र शेखावत
थीम स्टेट उड़ीसा के पैवेलियन का किया दौरा, हरियाणा पैवेलियन में दोनों ने बंधवाई हरियाणवी पगड़ी
फरीदाबाद, 7 फरवरी- फरीदाबाद में आयोजित 38वें सूरजुकंड क्राफ्ट मेले में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। इस दौरान हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने मेले में विधिवत रूप से रिबन काटकर उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने एक-एक करके मेले के स्टॉल का अवलोकन किया।
सभी अतिथियों ने सर्वप्रथम थीम स्टेट उड़ीसा के पैवेलियन का दौरा किया। इस दौरान यहां प्रदर्शित किए गए पुरी के भगवान जगन्नाथ रथ के स्वरूप के दर्शन किए। उन्होंने यहां शीश नवाया और हाथ जोड़कर देश व प्रदेश की सुख व समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की मूर्ति के आगे नमन किया। उन्होंने पैवेलियन की सजावट व यहां प्रदर्शित मूर्तियों की प्रशंसा की। उन्होंने मेले में प्रदर्शित उड़ीसा की स्टॉल का भी अवलोकन किया।
केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने हरियाणा पैवेलियन का भ्रमण किया। यहां उन्होंने हरियाणवी पगड़ी बंधवाई और पैवेलियन की साज सज्जा की भी प्रशंसा की। इसके उपरांत उन्होंने हरियाणा अपना घर पैवेलियन का अवलोकन किया। उन्होंने मध्य प्रदेश के पैवेलियन का भी दौरा किया। उन्होंने यहां प्रदर्शियों का अवलोकन किया और मध्यप्रदेश में कुनो नेशनल पार्क में लाए गए चीतों की झांकी की प्रशंसा की।
केंद्रीय मंत्री ने सूरजकुंड मेले को देखकर यहां के इंतजाम और व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार ने बेहद सुदर व्यवस्था की है। यह मेला कला और संस्कृति का अद्धभुत संगम है। इस तरह के आयोजन आने वाली युवा पीढ़ी को हमारी संस्कृति से रूबरू होने का मौका देते है।