पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय प्रताप ने कोविड के मरीजों को फल एवं मॉस्क वितरित किए।

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय प्रताप ने सादगी पूर्वक मनाया और एन.एच.3 स्थित ईएसआई अस्पताल में जाकर कोविड के मरीजों को फल एवं मॉस्क वितरित किए। विजय प्रताप ने शहर में अलग-अलग स्थानों खोरी, दयालनगर, राहुल कॉलोनी, एसी नगर, कुष्ट आश्रम, गदाखोर, नेहरू कॉलोनी, जवाई कॉलोनी व अन्य जगहों पर जाकर 200 फ्रूट के पैकेट और कम से कम 10 हजार मॉस्क लोगों को वितरित किए। विजय प्रताप ने कहा कि स्व. श्री राजीव गांधी देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे और उनकी तरह ही उनकी सोच भी युवा थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में स्कूलों में कंप्यूटर लगाने की व्यापक योजना बनाई। जवाहर नवोदय विद्यालय स्थापित किए। गांव-गांव तक टेलीफोन पहुंचाने के लिए पीसीओ कार्यक्रम शुरू किया। विजय प्रताप सिंह ने कहा कि वो एक सशक्त और कुशल राजनेता थे। देश में आधुनिक युग की शुरुआत उन्हीं की देन है। जिन्होंने आधुनिक भारत का निर्माण करते हुए देश में कंप्यूटर का सूत्रपात किया, जिसके चलते आज भारत देश ने विश्वस्तर अपनी पहचान कायम की। इसके अलावा 18 वर्ष के युवाओं को वोट का अधिकार दिलवाने एवं पंचायती राज अधिनियम बनाने का श्रेय भी स्व. गांधी जी को ही जाता है। विजय प्रताप ने सादगीपूर्ण तरीके से उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज उनके चरण कमलों पर चलते हुए ही हमें अपने दैनिक जीवन में उनके आदर्शों को स्थापित करना होगा। आज समय है हमें एक-दूसरे की मदद करने का और मानवता का परिचय देने का। इसलिए जितना बन पड़े एक-दूसरे के काम आए यही उनके चरणों में सच्ची श्रद्धांजलि है।