पूर्व चेयरमैन अजय गौड़ बने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव, शहरवासियों में खुशी की लहर

हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दो राजनीतिक सचिव, एक प्रधान विशेष कार्यकारी अधिकारी, एक विशेष कार्यकारी अधिकारी तथा एक मीडिया सलाहकार नियुक्त किए हैं। पूर्व राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी व पूर्व चेयरमैन अजय गौड़ को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव, नीरज दफ्तुआर को प्रधान विशेष कार्यकारी अधिकारी व भूपेश्वर दयाल को विशेष कार्यकारी अधिकारी तथा अमित आर्य को मुख्यमंत्री का मीडिया सलाहकार, दिल्ली लगाया गया है। अजय गौड़ के रूप में फरीदाबाद को दूसरी सरकारी गाड़ी मिली है। इनसे पहले बल्लभगढ़ के भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा को मंत्रीमंडल में शामिल किया गया है। भाजपा के दूसरे कार्यकाल की सरकार में अजय गौड़ का राजनैतिक रूतबा बढ़ा दिया गया है। इससे पहले श्री गौड़ को हरियाणा सरकार में चेयरमैन का पद दिया गया था। हालांकि पिछली सरकार के अंतिम वर्ष में अजय गौड़ ने मुख्यमंत्री के ओएसडी के तौर पर काम संभाला हुआ था। मगर दूसरी सरकार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें घोषित तौर पर अपने राजनैतिक सचिव की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। श्री गौड़ के अलावा नीरज दफ्तार पहले भी मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रमुख पद पर थे। इस बार भी उन्हें मुख्यमंत्री ने अपनी टीम में रखा है। इसी प्रकार भूपेश्वर दयाल व अमित आर्य भी मुख्यमंत्री की टीम में शामिल हैं। पिछली सरकार में भी उन्हें मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने साथ रखा था। इस टीम में पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी नए हैं और वह मुख्यमंत्री के विश्वासपात्र माने जाते हैं। इसलिए सीएम ने उन्हें अपनी टीम में स्थान दिया है। बता दें कि अजय गौड़ फरीदाबाद विधानसभा सीट से टिकट के प्रबल दावेदार थे। फरीदाबाद भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे अजय गौड़ को मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का खासमखास माना जाता है। गौड़ ने अपनी कार्यशैली से सरकार व संगठन में अपना विशेष स्थान बनाया है। संगठन व सरकार की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी तरह से उन्होंने निभाया है। हरियाणा में दोबारा भाजपा की सरकार बनवाने में उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। अजय गौड़ को सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
- Default Comments (0)
- Facebook Comments